मिर्ज़ापुर
अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर मिशन साहसी मेगा शो संपन्न
मिर्जापुर। जीआईसी मैदान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा माता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर मिशन साहसी मेगा शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत जिले के प्रमुख विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के समापन समारोह में लगभग 2000 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेविका समिति की क्षेत्रीय प्रचारिका शशि दीदी उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत के बौद्धिक प्रमुख डॉ. कुलदीप पांडेय ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही, अभाविप की प्रांत प्रवासी कार्यकर्ता एवं प्रांत छात्रा प्रमुख आभा त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि शशि दीदी ने अपने संबोधन में कहा, “माता अहिल्याबाई होल्कर के साहस और प्रेरणा की झलक आज मिर्जापुर की इन छात्राओं में स्पष्ट दिख रही है। जो बहनें आत्मरक्षा का प्रशिक्षण ले चुकी हैं, वे अब न डरेंगी, न झुकेंगी, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर हर चुनौती का सामना करेंगी।”
प्रांत बौद्धिक प्रमुख डॉ. कुलदीप पांडेय ने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण केवल एक कला नहीं, बल्कि यह आत्मविश्वास और साहस का प्रतीक है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मनिर्भरता का विकास होता है।
मिशन साहसी अभियान के अंतर्गत छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए, जिनका प्रदर्शन मेगा शो में किया गया। यह आयोजन न केवल छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि उनके अंदर साहस और आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
