वाराणसी
अब 25 दिन के अंतराल पर ही होगी गैस सिलेंडर की बुकिंग
वाराणसी। रसोई गैस के दाम बढ़ने के बाद शहर में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में बदलाव किया गया है। एलपीजी वितरक संघ की हुई बैठक में तय किया गया कि उपभोक्ताओं को अब दूसरे गैस सिलेंडर के लिए 25 दिन का अंतराल पूरा होने के बाद ही बुकिंग की सुविधा मिलेगी। संघ ने उपभोक्ताओं से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील भी की है।
बैठक में फील्ड सतीश कुमार, वितरक संघ के अध्यक्ष कुमार अग्रवाल और विक्रेता देवांश मनीष चौबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वितरक संघ के अनुसार वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता अपनी पिछली गैस बुकिंग के 25 दिन पूरे होने के बाद ही अगले सिलेंडर के लिए बुकिंग करा सकेंगे। संघ ने लोगों से नियमों का पालन करने और धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया है।

इस बीच एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर का नया मूल्य 976.50 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि पहले इसकी कीमत 916.50 रुपये थी। यानी इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 114.50 रुपये की वृद्धि हुई है, जिसके बाद इसकी कीमत 2,065.50 रुपये हो गई है। पहले यह सिलेंडर 1,951 रुपये में उपलब्ध था।
इसके अलावा 10 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर के दाम में भी 42.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सिलेंडर 697 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 654.50 रुपये थी। एलपीजी वितरक संघ का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और उपभोक्ताओं को तय नियमों के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
