वाराणसी
अधिवक्ता आनंद प्रताप राय का सड़क दुर्घटना में निधन
बार और बेंच ने दी श्रद्धांजलि
पिंडरा (वाराणसी)। सड़क दुर्घटना में घायल हुए अधिवक्ता आनंद प्रताप राय (63) का बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान गुरुवार रात निधन हो गया। इस खबर से पिंडरा तहसील और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को पिंडरा तहसील में बार और बेंच ने शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ताओं ने इस दिन न्यायिक कार्य से विराम रखा।
जानकारी के अनुसार, गजोखर गांव निवासी आनंद प्रताप राय, जो पिंडरा तहसील बार के पूर्व कोषाध्यक्ष भी थे, 22 नवंबर को करदहा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। विन्दा गांव के पास किसी वाहन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, लेकिन गुरुवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
शुक्रवार को पिंडरा तहसील के एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार विकास पांडेय, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, बार अध्यक्ष उदयनाथ भारती, महामंत्री चंद्रभान पटेल, पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन सिंह सहित अन्य अधिवक्ता उनके घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
बार की ओर से परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। शोक सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कर्तव्यों के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
