वाराणसी
अज्ञात वाहन की चपेट में आकर राजगीर मिस्त्री की मौत
वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद क्षेत्र के खजुरी गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोपेड सवार राजगीर मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे खजुरी चौकी इंचार्ज प्रीतम तिवारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, डोमनपुर (कपसेठी) गांव निवासी मनीज़र बिंद (52 वर्ष) पुत्र राजरूप अपनी मोपेड पर आम लादकर वाराणसी की तरफ जा रहे थे कि खजुरी ओवरब्रिज से उतरते समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने मोपेड को कुचल दिया। जिससे मोपेड सवार राजगीर मिस्त्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, अज्ञात चालक वाहन समेत मौके से वाराणसी की तरफ भाग निकला। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था तथा तीन पुत्रियों और दो पुत्रों का पिता बताया गया है।
