वाराणसी
अजय राय ने एग्जिट पोल को लेकर अखिलेश यादव की बात का किया समर्थन
वाराणसी। लोकसभा चुनाव के सातों चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। अब 4 जून को सभी सीटों के लिए काउंटिंग होगी। इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक पोस्ट में लिखा कि एग्जिट पोल का आधार ईवीएम नहीं बल्कि डीएम हैं। इस बयान का समर्थन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और वाराणसी से इंडी गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने भी किया है।

अजय राय ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बाद का समर्थन करते हुए कहा कि, एग्जिट पोल केवल लोगों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए होते हैं। यह चुनाव काफी लंबा था, ढाई महीने में चुनाव पहली बार हुआ है। हमने और कार्यकर्ताओं ने काफी भागदौड़ की है।जहां तक रही बात एग्जिट पोल की तो एग्जिट पोल मनगढ़ंत होते हैं और इन्हें केवल लोगों को मनोवैज्ञानिक रूप से कमजोर करने के लिए बनाया जाता है। हमनें जमीनी स्तर पर चुनाव लड़ा है और हमें पता है कि क्या होने वाला है। इंडी गठबंधन की जीत के प्रति हम आश्वस्त हैं।

अखिलेश यादव की एग्जिट पोल को लेकर क्रोनोलॉजी -अखिलेश यादव ने एक्स (ट्विटर) पर 9 पॉइंट्स में एग्जिट पोल की क्रोनोलॉजी समझाई है:
1. विपक्ष ने पहले ही बताया था कि भाजपाई मीडिया भाजपा को 300 पार दिखाएगा।
2. एग्जिट पोल पहले से तैयार था।
3. एग्जिट पोल के माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है।
4. एग्जिट पोल के आधार पर भाजपाई शेयर बाजार से लाभ उठाना चाहते हैं।5. अगर एग्जिट पोल सच होते, तो भाजपा वाले अपनों पर इल्जाम नहीं लगाते।
6. भाजपाइयों के चेहरे सच्चाई बयां कर रहे हैं।
7. पूरे देश का परिणाम बदला नहीं जा सकता, क्योंकि विपक्ष सजग है।
8. भ्रष्ट अधिकारी धांधली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
9. इंडिया गठबंधन के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी EVM की निगरानी में चूक न करें।
