वाराणसी
अंधाधुंध फायरिंग से मचा हड़कंप, मासूम समेत तीन घायल
सपा नेता को मारने आए थे हमलावर
वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में रविवार दोपहर अंधाधुंध फायरिंग हुई। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मीरघाट में करीब 20 हथियारबंद बदमाशों ने सपा नेता और पूर्व पार्षद विजय यादव के घर के बाहर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर हमलावर गंगा घाट के रास्ते फरार हो गए। मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंची है। आरोपियों को सीसीटीवी के माध्यम से चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि, हमलावरों ने गालियां देते हुए पहले पथराव किया। विजय यादव को बाहर निकलने के लिए ललकारा। हमलावरों ने घर के बाहर आयी महिला को गालियां देकर भगाने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों ओर से गाली-गलौज होने लगी। इतने में हमलावरों ने तमंचा और बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। लगभग 10-15 राउंड फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। इस फायरिंग में मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। सूत्रों के अनुसार, इस हमले में स्थानीय लोगों ने एक हमलावर को पिस्टल के साथ पकड़ लिया है, बाकी हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए हैं।
