मिर्ज़ापुर
SIR अभियान तेज़ करने में जुटा प्रशासन: उपजिलाधिकारी मड़िहान का राजगढ़ क्षेत्र में लगातार निरीक्षण
राजगढ़। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) 2025 अभियान की रफ्तार बढ़ाने के लिए उपजिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। शनिवार को भी उन्होंने सुबह से दोपहर तीन बजे तक विकास खंड राजगढ़ के कई विद्यालयों—मघईमार प्राथमिक विद्यालय, गुरुदेव नगर प्राथमिक विद्यालय, कलवारी माफी विद्यालय और धुरकर कंपोजिट विद्यालय—का निरीक्षण कर बीएलओ से अभियान की प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने घर-घर जाकर फार्म भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मघईमार और गुरुदेव नगर के बीएलओ के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने मतदाता सूची संशोधन से जुड़े सभी कार्यों को समय से पूरा करने पर जोर दिया।बीएलओ ने बताया कि सर्वर की समस्या के चलते मतदाता गणना की फीडिंग बाधित हो रही है और 2003 के बाद हुई बहुओं की शादी के माइके का विवरण इकट्ठा करने में कठिनाइयाँ आ रही हैं।
कुछ गांवों में अब तक एसआईआर फार्म न भरने पर उपजिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की और तत्काल फार्म भरवाने के निर्देश दिए।विकास खंड अधिकारी राजगढ़, विरेंद्र प्रताप वर्मा ने जानकारी दी कि माइके का विवरण न मिल पाने के कारण अब तक 135 बहुओं के एसआईआर फार्म लंबित हैं। उपजिलाधिकारी ने जल्द से जल्द आवश्यक विवरण उपलब्ध कराकर फार्म भरवाने के निर्देश दिए, ताकि अभियान की गति बाधित न हो।
