गाजीपुर
NSCT जिला इकाई गाज़ीपुर की प्रथम भौतिक बैठक सम्पन्न
गाजीपुर। NSCT (नेशनल सोशल केयर ट्रस्ट) जिला इकाई, गाज़ीपुर की नवगठित टीम की प्रथम भौतिक बैठक रविवार को सेंट मेरी स्कूल, शांति विहार कॉलोनी, तड़बनवा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह ने की, जबकि बैठक का आयोजन जिला महामंत्री शिवप्रकाश त्रिपाठी के संयोजन में सम्पन्न हुआ। बैठक में जिला स्तर के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक की शुरुआत आपसी परिचय एवं संगठनात्मक समन्वय के साथ हुई। इस दौरान NSCT के उद्देश्य, कार्य-प्रणाली एवं समाज सेवा के मूल संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि अब तक गतिमान “सहयोग अलर्ट” अभियान के अंतर्गत प्रति व्यक्ति मात्र 50 के सहयोग से लगभग 4.50 लाख की आर्थिक सहायता सीधे दिवंगत सदस्य के नामित (नॉमिनी) के बैंक खाते में सफलतापूर्वक प्रेषित की जा चुकी है, जो संगठन की पारदर्शिता एवं विश्वसनीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इसके अतिरिक्त वर्तमान में संचालित प्रथम सहयोग अभियान में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों पर गंभीर विमर्श करते हुए उनके समाधान हेतु ठोस सुझाव प्रस्तुत किए गए। साथ ही अधिक से अधिक सदस्यों को NSCT परिवार से जोड़ने, संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, नियमित सक्रियता एवं अनुशासन बनाए रखने तथा भविष्य की कार्ययोजना को प्रभावी रूप से लागू करने पर बल दिया गया।
NSCT जिला इकाई की बैठक में TSCT जिला IT सेल प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि TSCT और NSCT एक ही विचारधारा व सेवा-संकल्प वाले संगठन हैं, जिन्हें अलग नहीं बल्कि एक परिवार के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक प्रोटोकॉल, आपसी समन्वय, स्पष्ट कार्य-विभाजन, सहयोग सूची के नियमित अपडेट और अधिकतम पंजीकरण हेतु रणनीति पर बल देते हुए सभी पदाधिकारियों से अनुशासन व सकारात्मक सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया तथा NSCT को जनपद गाज़ीपुर में समाज सेवा के क्षेत्र में एक सशक्त, विश्वसनीय और संवेदनशील संगठन के रूप में स्थापित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से दुर्ग विजय सिंह (जिला अध्यक्ष), शिवप्रकाश त्रिपाठी (जिला महामंत्री), आनंद सिंह, शीर्षदीप वर्मा, सुशील राय, अतुल सिंह, त्रयम्बक त्रिपाठी, विवेक सौरभ, मनोज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
