Connect with us

वाराणसी

विकसित भारत के लिए ‘वंदे भारत’ मील का पत्थर साबित होगी : पीएम मोदी

Published

on

अयोध्या से हरिद्वार तक वंदे भारत का नेटवर्क तैयार, धार्मिक पर्यटन से यूपी की अर्थव्यवस्था को मिला बूस्ट

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को काशी के बनारस रेलवे स्टेशन से चार वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि बनारस आना, यहां रहना और इस शहर के जीवन को जीना हर किसी के लिए एक अद्वितीय अनुभव है। बनारस की जीवनशैली और ऊर्जा इसे सबके लिए खास बनाती है। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में सवार बच्चों से मुलाकात की और उनके अनुभवों को भी सुना। यह कार्यक्रम बनारस रेलवे स्टेशन से आयोजित हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज से देशभर में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो चुकी हैं। यह रेलवे की अगली पीढ़ी की तैयारी है और रेलवे को ट्रांसफॉर्म करने के अभियान का मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन भारतीयों द्वारा भारतीय टेक्नोलॉजी से बनी है, जिसे देखकर विदेशी भी अचंभित होते हैं। यह हर भारतीय के गर्व की अनुभूति कराती है।

Advertisement

प्लेटफार्म नंबर आठ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले यह कार्य विदेशों में होते थे, लेकिन अब भारत में हो रहे हैं। यह देश की ताकत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए ये ट्रेनें मील का पत्थर साबित होंगी।

पीएम मोदी ने बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी और हाल ही में सम्पन्न हुए देव दीपावली पर्व को याद करते हुए कहा कि आज का दिन भी विशेष है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में आर्थिक विकास का प्रमुख कारण इंफ्रास्ट्रक्चर रहा है और भारत भी उसी दिशा में तेजी से अग्रसर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब किसी शहर में रेलवे स्टेशन बनता है, ट्रेन गुजरती है या गांव में सड़क बनती है, तो अपने आप विकास के द्वार खुल जाते हैं। आज भारत में यही हो रहा है। विकास के साथ जुड़कर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में तीर्थ यात्राएं केवल देवदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को जोड़ने वाली पवित्र परंपरा हैं। अयोध्या, चित्रकूट, काशी, हरिद्वार जैसे पावन धाम अब वंदे भारत ट्रेनों से जुड़े हैं। यह भारत की विरासत के शहरों को विकास की धारा से जोड़ने का बड़ा कदम है।

Advertisement

प्रधानमंत्री ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के बाद 11 करोड़ श्रद्धालु यहां पहुंचे। वहीं, अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के बाद 6 करोड़ श्रद्धालु भगवान राम के दर्शन के लिए आए। यह धार्मिक पर्यटन अब प्रदेश की अर्थव्यवस्था को हजारों करोड़ रुपये का लाभ पहुंचा रहा है। होटल, ट्रैवल और नाव व्यवसाय से जुड़े लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला है।

पीएम मोदी ने कहा कि हम विकसित काशी से विकसित भारत के लिए कार्य कर रहे हैं। काशी में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक यहां केवल बीएचयू अस्पताल था। कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज के लिए लोग खेत और जेवर बेचकर मुंबई जाते थे, लेकिन आज काशी में सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब काशी “हेल्थ कैपिटल” के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि काशी की यह ऊर्जा बनी रहनी चाहिए, ताकि जो भी यहां आए, उसे इस शहर की आत्मा का एहसास हो। उन्होंने कहा कि यह ऊर्जा उत्तर प्रदेश और काशी में समृद्धि के द्वार खोल रही है।

Advertisement

प्रधानमंत्री ने बताया कि विकसित भारत के मंत्र को साकार करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार कार्य हो रहा है। काशी में रोपवे परियोजना और गंजारी-सिगरा स्टेडियम जैसे महत्वपूर्ण कार्य चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बनारस की संस्कृति, अध्यात्म और आधुनिक विकास का संगम ही भारत के उज्जवल भविष्य की दिशा तय करेगा।

बता दें कि, प्रधानमंत्री द्वारा शुभारंभ की गई चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रधानमंत्री के सुगम, त्वरित और आरामदायक यात्रा के विज़न को साकार करेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page