वाराणसी
भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु : आर. सुमितानंद
सारनाथ (वाराणसी)। भगवान बुद्ध के प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को देश-विदेश से पधारने वाले श्रद्धालु उपासक-उपासिकाओं तथा सर्वसाधारण के दर्शन हेतु 3 नवंबर से 5 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह खोला जाएगा।
उक्त बातें गुरुवार को मूलगंध कुटी विहार, महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया, सारनाथ केंद्र के प्रभारी आर. सुमितानंद थेरो ने पत्रकारों को बताईं।
उन्होंने बताया कि वियतनाम, बांग्लादेश, कंबोडिया, वर्मा, श्रीलंका, थाईलैंड एवं भारत के विभिन्न स्थानों से बुद्ध अनुयायियों एवं श्रद्धालुओं के आने की पूरी संभावना है।
आर. सुमितानंद थेरो ने बताया कि महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया इस वर्ष मूलगंध कुटी विहार का 94वां वार्षिक उत्सव मना रही है। अस्थि कलश दर्शन के बाद एक भव्य शोभायात्रा भी सारनाथ के मूलगंध कुटी विहार मंदिर से निकाली जाएगी, जो सारनाथ के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस वहीं आकर समाप्त होगी।
