अपराध
30 साल पहले पिता की हत्या, खुदाई में मिला कंकाल

बेटे ने लगाया मां और भाइयों पर हत्या का आरोप
यूपी के हाथरस जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जो हिंदी फिल्म ‘दृश्यम’ से मिलता-जुलता है। यहां 30 साल पहले हुई एक हत्या के संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक मकान के अंदर बरामदे के पास खुदाई शुरू की जिसके परिणामस्वरूप एक मानव कंकाल मिला। यह कंकाल उस स्थान पर मिला जहां मृतक की पत्नी चारपाई बिछाकर सोती थी।
जानकारी के अनुसार, मुरसान क्षेत्र के गिंलोदपुर गांव के निवासी पंजाबी सिंह ने हाल ही में डीएम रोहित पांडेय को एक प्रार्थना पत्र दिया। पत्र में उन्होंने लिखा है कि एक जुलाई को पैसे के लेन-देन को लेकर उनके भाइयों प्रदीप कुमार और मुकेश कुमार उर्फ खन्ना के साथ विवाद हुआ। इस पर भाइयों ने उन्हें धमकी दी कि वे उन्हें भी उनके पिता बुद्ध सिंह के पास पहुंचा देंगे जैसा कि उन्होंने 30 साल पहले किया था। पंजाबी सिंह ने कहा कि इस धमकी के बाद उन्हें रात भर नींद नहीं आई।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि 30 साल पहले जब वह केवल 9 साल का था तब उनकी मां उर्मिला देवी का गांव के धनी व्यक्ति राजवीर से संपर्क था जिस पर उनके पिता बुद्ध सिंह को आपत्ति थी। इस बात पर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था और उनके दोनों भाई मां का समर्थन करते थे।
पंजाबी सिंह ने कहा कि उस समय वह अपने पिता के साथ सोता था। घटना वाले दिन मां उर्मिला और राजवीर ने मिलकर पंजाबी सिंह को अपने भाइयों के साथ एक अलग मकान में भेज दिया। जब रात में उन्हें नींद नहीं आई तो वह उस मकान में चले गए। वहां उन्होंने देखा कि उनके पिता बुद्ध सिंह को उनकी मां उर्मिला, राजवीर और उनके भाइयों ने मुंह में कपड़ा ठूंस कर और गला दबाकर मार दिया। इसके बाद शव को छुपाने के लिए गड्डा खोदकर उसमें दफना दिया गया। पंजाबी सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें डराया गया कि अगर उन्होंने इस बारे में किसी से कुछ कहा, तो उन्हें भी उनके पिता के पास पहुंचा दिया जाएगा।