अपराध
पत्रकार के पुत्र को कार सवार मनबढ़ो ने पीटा, जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौरा बादशाहपुर थाना अंतर्गत केशवपुर में मंगलवार को कार सवार मनबढ बदमाशों ने पत्रकार के पुत्र को उस समय लाठी डंडे से मार पीट कर घायल कर दिया जब वह चौकिया सब्जी मंडी में सब्जी बेचकर वापस लौट रहा था। शोर सुनकर बचाने पहुंचे पत्रकार पिता को भी बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। हालांकि ग्रामीणों को जुटता देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, केशवपुर के रहने वाले लक्ष्मी मौर्य एक अखबार के पत्रकार हैं। उनका बेटा पवन मौर्य (20 वर्ष) रोज की तरह चौकियां सब्जी मंडी में सब्जी बेचने गया था। वापस आते समय केशवपुर के पास पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने उसकी बाइक में धक्का मार कर गिरा दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक तीन की संख्या में कार से उतरे बदमाशो ने लाठी डंडे से उस पर हमला बोल दिया।
शोर सुनकर थोड़ी ही दूरी पर अपनी दुकान पर मौजूद उसके पिता लक्ष्मी मौर्य उसे बचाने को दौड़े तभी पीछे से एक अन्य बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन पर भी हमला बोल दिया। हालांकि शोर सुनकर ग्रामीण भी घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। खुद को घिरता देखकर बदमाश हड़बड़ाहट में वाहन पर बैठकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर गौराबादशाहपुर थाने के उप निरीक्षक हरिश्चंद्र फोर्स के साथ पहुंचकर देर तक जांच पड़ताल में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि, हर संभावित स्थान पर दबिश दी जा रही है और आरोपियों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।
