चन्दौली
गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाके में बाढ़ की आशंका

चहनियां (चंदौली)। बलुआ स्थित गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से तटवर्ती गांवों के किसानों व ग्रामीणों की दहशत और खौफ के साथ ही बेचैनी बढ़ गई है। शुक्रवार की रात से अब तक दो फीट जलस्तर बढ़ने से शनिवार को घाट पर जाने वाली सभी सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। प्रतिदिन गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। गंगा नदी के तटवर्ती गांवों के किसानों व ग्रामीणों में खौफ और दहशत दिखने लगी है। गंगा में जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत के साथ ही खौफ भी दिखने लगा है।
गंगा तटवर्ती गांव भुपौली, डेरवा, महड़ौरा, कांवर, पकड़ी, महुअरिया, विशुपुर, महुआरी खास, सराय, बलुआ, डेरवाकला, महुअर कला, हरधन जुड़ा, गंगापुर, पुराबिजयी, पुरागणेन, चकरा, हरधन जुड़ा, सोनबरसा, टांडाकला, महमदपुर, सरौली, तीरगावा, हसनपुर, बड़गांवा, नादी निधौरा, सहेपुर आदि गांवों के तटवर्ती खेतों में लगी सब्जियां और हरा चारा डूबने व गंगा कटान को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। घाट के किनारे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को विषैले जानवरों का भी खतरा बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण खेतों में लगी फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो जाती हैं।
किसानों की रोजी-रोटी पर भी संकट मंडराने लगा है। बाढ़ से घिरे गांवों के लोग रात भर जागकर गुजर-बसर करने को विवश हो जाते हैं। लगभग दर्जनों गंगा तटवर्ती गांवों में चौतरफा पानी लग जाने से ग्रामीणों, बच्चों, महिलाओं को पानी से होकर या नाव का सहारा लेकर जाना पड़ता है।