वाराणसी
काशी के प्रमुख मंदिरों और घाटों पर लगेगी फसाड लाइट्स, धनराशि स्वीकृत
वाराणसी। काशी आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या और रात्रिकालीन सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों और गंगा घाटों को फसाड लाइट से रोशन किया जाएगा। पर्यटन विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने 10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
परियोजना के तहत मंदिरों और घाटों पर विशेष डिजाइन की फसाड लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे इन स्थलों की पहचान और सौंदर्य और अधिक आकर्षक दिखाई दे। शासन ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिया है कि एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाए, ताकि कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। साथ ही योजना में और प्रमुख स्थलों को शामिल करने के लिए भी कहा गया है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, हाल के वर्षों में मंदिरों और घाटों पर करोड़ों रुपये खर्च कर सौंदर्यीकरण कराया गया है, लेकिन रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण पर्यटकों को उसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। अंधेरे के कारण कई पर्यटक देर शाम इन स्थलों पर जाने से बचते थे, जिसकी शिकायत विभाग को मिली थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए एक निजी एजेंसी से सर्वे कराया गया और वित्तीय वर्ष 2025-26 की पर्यटन विकास योजना में इस प्रस्ताव को शामिल कर शासन को भेजा गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
पर्यटन स्थलों पर मौजूदा स्ट्रीट लाइटें काफी पुरानी और कई स्थानों पर खराब हो चुकी हैं। अलग-अलग प्रकार की लाइटें होने से दृश्य सौंदर्य भी प्रभावित हो रहा है। नई योजना के तहत एक समान डिजाइन की लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रोशनी के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। अंधेरे की वजह से छिनैती, छेड़छाड़ या दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
दुर्गा मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकट मोचन, अन्नपूर्णा मंदिर, भारत माता मंदिर के साथ अस्सी घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों को योजना में शामिल किया गया है।
