गाजीपुर
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
पुलिस अधीक्षक ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
गाजीपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस कार्यालय गाजीपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने शाखा प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से आंतरिक सुरक्षा के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सरदार पटेल के देश के एकीकरण में दिए गए अतुलनीय योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
