वाराणसी
संविधान गौरव अभियान: डॉ. अंबेडकर के योगदान को किया नमन

बस्तियों में वितरित की गई संविधान प्रतियां
रामनगर (वाराणसी)। भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा ‘संविधान गौरव अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह बघेल के नेतृत्व में भगवानपुर वार्ड 76 के दलित बस्ती में भ्रमण किया गया। इस दौरान पार्षद अमित सिंह ‘चिंटू’ के कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबा साहब को भारत रत्न देने का निर्णय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लिया था। पार्षद अमित सिंह ने बताया कि अभियान के तहत नगर की बस्तियों में संविधान की प्रतियां वितरित की जा रही हैं। साथ ही, लोगों को संविधान की विशेषताओं और इसके महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हों।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह बघेल, सृजन श्रीवास्तव, संतोष द्विवेदी, राजेंद्र शंकर पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, नंदलाल चौहान, अशोक जायसवाल, संजय बाल्मीकि, राजकुमार सिंह, लल्लन सोनकर, मोनिका यादव, रितेश पाल, मनोज यादव, संतोष गुप्ता और विनोद सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।