वाराणसी
वाराणसी : पीएम मोदी के मातृशक्ति संवाद में शामिल होंगी 25 हजार महिलाएं
पीएम नरेन्द्र मोदी 21 मई को काशी दौरे पर आ रहे हैं। जहां पर वह ‘संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय’ में आयोजित सम्मेेलन में मातृ शक्ति से सीधे संवाद करेंगेइस सम्मेलन में मुख्य रूप से सिर्फ महिलाएं शामिल होंगी। आधी आबादी से जुड़ा इतना बड़ा चुनावी सम्मेलन इससे पहले नहीं आयोजित हुआ था। इसमें 25 हजार से अधिक महिलाओं का समागम होने की संभावना जताई जा रही है जिसके सापेक्ष में भाजपा महिला मोर्चा ने तैयारी भी तेज कर दी है।
रणनीति के अनुसार, भाजपा की क्षेत्र, जिला व महानगर महिला मोर्चा इकाई सम्मेलन को सफल बनाने में जुट गई है. वाराणसी संसदीय क्षेत्र में जिले का पांच विधानसभा क्षेत्र आता है। इन सभी विस क्षेत्रों के बूथों पर महिला मोर्चा की ओर से बैठकें की जा रही हैं। महिला कार्यकर्ताओं को हर बूथ से 10 महिलाओं को सम्मेलन में लेकर आना है। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों से संपर्क किया जा रहा है। इसके अलावा महिला महाविद्यालय की छात्राएं, शिक्षिकाएं, लाभार्थी महिलाओं से संपर्क हो रहा है।
महिला सम्मेलन के लिए मोर्चा की ओर से शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें हुई। इसमें प्रदेश मंत्री एवं महिला मोर्चा की प्रभारी अर्चना मिश्रा ने पीएम मोदी की ओर से आधी आबादी की बेहतरी के लिए किए गए कार्यों को साझा किया उन्होंने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं से अपील की और कहा, महिला सम्मेलन में सभी वर्ग की महिलाओं को आमंत्रित किया जा रहा है। विशेष तौर पर डॉक्टर्स, शिक्षिकाएं, गृहणियां, अधिवक्ता, खिलाड़ी, व्यापारी वर्ग की महिलाएं आदि को मातृशक्ति सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा नम्रता चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाध्यक्ष विनिता सिंह, महानगर अध्यक्ष महिला मोर्चा कुसुम सिंह पटेल, निर्मला सिंह पटेल, पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल, साधना वेदांती, पूजा दीक्षित, पूजा पाण्डेय, गीता शास्त्री, प्रज्ञा पाण्डेय, यशा मौर्या, संध्या तिवारी, लक्ष्मी सिंह, सुनीता गुप्ता, मधुलिका राघव, रेखा चौहान, रचना अग्रवाल, अपराजिता सोनकर, अनीशा शाही सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।