वायरल
यूपी में भीषण गर्मी से लोग बेहाल, IMD ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट
लखनऊ। यूपी में लोगों को गर्मी से राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है। अभी तक यूपी में तापमान बढ़ने से लोग परेशान थे, लेकिन शुक्रवार से हीटवेव भी चलने का अलर्ट जारी हुआ है। लोग भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के साथ ही हीटवेव के थपेड़े भी झेलेंगे।
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि, “पूरे प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। तापमान अभी और बढ़ेगा। फिलहाल प्रदेश में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।”
उन्होंने बताया कि, “कानपुर शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान 45 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।दिन और रात का तापमान लगभग बराबर होता हुआ नजर आ रहा है।”
मोहम्मद दानिश ने बताया कि, “कानपुर के बाद आगरा और झांसी सबसे गर्म जिले रिकॉर्ड किए गए हैं।यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया है, जबकि लखनऊ में 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।उन्होंने बताया कि गर्मी से फिलहाल अभी कोई राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है।”