बलिया
भरौली में डीसीएम की चपेट में आने से सब्जी विक्रेता की मौत, घर में मचा कोहराम
साइकिल से घर जा रहे 70 वर्षीय मकसूद अहमद अंसारी को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
नरही (बलिया), 27 अक्टूबर। नरही थाना क्षेत्र के भरौली चट्टी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय सब्जी विक्रेता मकसूद अहमद अंसारी की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दुकान बंद कर घर जा रहे थे वृद्ध
जानकारी के अनुसार, अमांव गांव निवासी मकसूद अहमद अंसारी भरौली चट्टी पर गुमटी में सब्जी की दुकान चलाते थे। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर साइकिल से घर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर चोट लगने से अस्पताल में मौत
टक्कर के बाद डीसीएम का पहिया उनके कमर के निचले हिस्से पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वृद्ध को इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
