अपराध
पितृपक्ष की पूजा में विवाद, भाइयों ने ली भाई की ही जान

पुलिस ने दर्ज किया 14 लोगों के खिलाफ मामला
जौनपुर। खरगापुर गांव में बृहस्पतिवार को पूजा के दौरान भाइयों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि भाइयों ने अपने ही भाई को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी जान ले ली। इस वारदात में पिता भी शामिल था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, कैलाशनाथ शुक्ल के घर पितृपक्ष के दौरान पूजा हो रही थी जिसमें पूरा परिवार शामिल था। इसी बीच पूजा में बैठने को लेकर भाइयों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। इसके बाद परिवार के कुछ सदस्यों, जिनमें पिता और पांच भाई शामिल थे सभी लोगों ने मिलकर विनोद कुमार शुक्ला ( 47 वर्ष ) को कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा। पिटाई के बाद उसे गंभीर हालत में कमरे में बंद कर दिया गया।
विनोद की पत्नी सुमन को जब घटना की खबर मिली तो वह तुरंत घर पहुंची और अपने पति को खून से लथपथ देखा। उसने मुंबई में अपने भाई नीलेश को घटना की सूचना दी जिसने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और विनोद को प्राथमिक चिकित्सा के लिए सीएचसी पहुंचाया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में चर्चा थी कि परिवार के बीच जमीन का विवाद काफी समय से चल रहा था, जिसके कारण विनोद अपने परिवार से अलग गांव के बाहर रह रहा था। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी सुमन, बेटा विशेष और बेटी प्रिशा हैं। पुलिस ने सुमन की शिकायत पर 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिनमें विनोद के भाई, पिता और कुछ अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।