पूर्वांचल
धूमधाम से मनाई गई चंदौली के शिल्पकार पंडित कमलापति त्रिपाठी की जयंती

ललितेश पति त्रिपाठी ने माल्यार्पण कर लिया आशीर्वाद
चंदौली जिले में मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा के सदस्य, लेखक, पत्रकार, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व रेल मंत्री व पूरे उत्तर प्रदेश सहित चंदौली के शिल्पकार पंडित कमलापति त्रिपाठी की जयंती कचहरी स्थित पंडित कमला पति त्रिपाठी उद्यान स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, ललितेश पति त्रिपाठी व कांग्रेस जनों सहित आम जनमानस ने धूम धाम से मनाई।
मीडिया से वार्ता करते हुए ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि, पंडित कमला पति त्रिपाठी जी की चंदौली कर्म भूमि है, चंदौली सहित पूरे पूर्वांचल के हर जिलों में उन्होंने अभूतपूर्व कार्य किया है। आज उनको लोग उनके कार्यों से जानते हैं, उनको याद करते हैँ।
पंडित कमलापति त्रिपाठी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए पंडित कमलापति त्रिपाठी स्मृति सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ नारायण मूर्ति ओझा ने कहा कि, 3 सितम्बर 1905 को जन्मे पंडित कमला पति त्रिपाठी जी कुशल नेतृत्व कर्ता, लेखक पत्रकार, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सहित लोगों के दिलों पर राज करने वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने समाचार पत्र ‘आज’ से अपने कैरियर की शुरुआत की।
1921 में गाँधी जी के नेतृत्व में चलाये गए असहयोग आंदोलन में भाग लिया एवं सविनय अवज्ञा आंदोलन में सक्रिय रूप से भागीदार रहे जिसके लिए वह जेल भी गए। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में वह मुंबई गए जहाँ उन्हें गिरफ्तार कर 3 साल के लिए जेल भेज दिया गया। राजनीति के रूप में राज्यसभा सदस्य, लोकसभा सदस्य,रेल मंत्री तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में देश व प्रदेश की सेवा किया।
पंडित कमलापति त्रिपाठी स्मृति सेवा संस्थान के संयोजक व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि पंडित जी हिंदी व संस्कृति के विद्वान एवं ग्रंथकार थे।उनके द्वारा बंदी की चेतना, बापू और मानवता,गांधी और मानवता सहित कई कृतियों की रचना की गई । जनपद चंदौली उनकी विशेष कर्मभूमि रही, चंदौली के लोगों के हृदय में बसते हैँ पंडित जी, चंदौली में कॉलेज, अस्पताल सहित नहरों का जाल उनके द्वारा ही बिछाया गया।
हम सभी बहुत सौभाग्यशाली हैं कि ऐसे व्यक्तित्व की जयंती मनाने का सौभाग्य हम लोगों को प्राप्त हो रहा है। हम सदैव उनके पद चिन्हो पर चलने के लिए कृत संकल्प है।
इस अवसर पर रामजी गुप्ता, मधु राय, विजय त्रिपाठी, आनंद शुक्ला, शशि नाथ उपाध्याय, रजनीकांत पांडे, डॉ राम आधार जोसेफ, गंगा प्रसाद, बबलू सिंह,प्रदीप मिश्रा,राहुल सिंह, अरुण द्विवेदी, दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, नवीन पांडे, दिनेश चंद्र, बाबा गोड, सत्येंद्र उपाध्याय, नरेन्द्र तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।