चन्दौली
गोधना में कंबल वितरण कार्यक्रम संपन्न, नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

चंदौली (जयदेश)। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा गोधना में स्वर्गीय इकलाख अहमद एडवोकेट की 17वीं पुण्यतिथि पर कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान प्रतिनिधि और लोहियावाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सैफ अहमद ने की। इस अवसर पर हजारों बुजुर्गों और महिलाओं को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोहियावाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को आवश्यक बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के विकास और युवाओं व किसानों के भविष्य के लिए जरूरी है।
भाजपा सरकार पर निशाना
विशिष्ट अतिथि और मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे वादों से हर वर्ग को धोखा दिया है। किसान, नौजवान, व्यापारी और कलाकार सभी इस सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर तैयारियों में जुटने और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने की अपील की।
महिलाओं के अधिकारों पर जोर
जिलाध्यक्ष ने महिलाओं के अधिकारों पर भी जोर दिया और कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाएं अपने हक से वंचित हैं। उन्होंने समाज में महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय इकलाख अहमद एडवोकेट को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन युवजन सभा के जिलाध्यक्ष महेंद्र माही ने किया, जबकि अध्यक्षता हाजी एजाज साहब ने की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक बब्बन चौहान, अयूब खान गुड्डू, चकरू यादव, गुलशेर सिद्दीकी, डॉ. विकास यादव, इबरार प्रधान, दीनदयाल गौड़, वसीम अहमद, जितेंद्र गुप्ता, राजू यादव, संजय सोनकर, फिरदौस प्रधान, सरवर भाई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने स्वर्गीय इकलाख अहमद एडवोकेट की पुण्यतिथि पर उनके आदर्शों को याद करते हुए सामुदायिक सेवा की यह परंपरा जारी रखने का संकल्प लिया।