Connect with us

चन्दौली

एसआईआर कार्य में लापरवाही, महिला सफाईकर्मी निलंबित

Published

on

डीएम के निर्देश पर अधिकारियों की सख्ती, कई गांवों का निरीक्षण

सकलडीहा (चंदौली)। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत पिछले चार नंवबर से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चल रहा है। इस कार्य की प्रगति की निगरानी जिले से लेकर तहसील तक के अधिकारी लगातार कर रहे हैं। बीएलओ, लेखपाल, पंचायत कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के कई कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सोमवार को बीडीओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने विकासखंड क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेढ़गांवां की तैनात महिला सफाईकर्मी द्वारा एसआईआर कार्य में बीएलओ के साथ सहयोग न करने की शिकायत सही पाई गई, जिस पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी क्रम में सरेसर के एक सफाईकर्मी का एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई, जबकि आलमपुर और बलारपुर के दो सफाईकर्मियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद सफाईकर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं एसआईआर कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग और स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। ब्लॉक क्षेत्र के सभी 104 गांवों में बीएलओ को सफाईकर्मियों के पूर्ण सहयोग का निर्देश दिया गया है। सोमवार को एडीओ पंचायत ने करीब दो दर्जन बूथों का निरीक्षण किया, जिनमें डेढ़गांवां की सफाईकर्मी पर मिली लापरवाही सबसे गंभीर पाई गई।

एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने स्पष्ट किया कि एसआईआर कार्य में कोताही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी। सभी सफाईकर्मियों को हर हाल में बीएलओ के साथ समन्वय रखकर विशेष पुनरीक्षण कार्य में जुटना होगा।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान सचिव राजेश्वर पाल, राम सिंह, महेंद्र यादव, प्रिया मौर्या, अरविंद गौतम, शशिकांत, बाबूलाल, संजय यादव, पवन दूबे सहित ग्राम पंचायत कर्मी और विकासखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page