गाजीपुर
एक नवंबर को जनपद न्यायालय परिसर में लगेगा वृहद विधिक सहायता शिविर
विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ, सुबह 10 बजे से शुरू होगा मेगा कैंप
सैदपुर। जनपद न्यायालय गाजीपुर परिसर में रविवार, एक नवंबर को सुबह 10 बजे से वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर (मेगा कैंप) का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर की ओर से आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए ‘एक दिन, एक जगह, ढेरों सुविधाएं’ की थीम रखी गई है।
पेंशन सहित कई योजनाओं का मिलेगा लाभ
अधिकार मित्र रणजीत कुशवाहा ने बताया कि शिविर में विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और बिजली विभाग से संबंधित योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए लोग पहुंच सकते हैं। शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
हैंडबिल बांटकर लोगों को किया जागरूक
शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए तहसील सैदपुर में अधिकार मित्र रणजीत कुशवाहा ने तहसील परिसर में आने वाले लोगों को हैंडबिल वितरित किए। वहीं, कंचन मौर्या ने कोतवाली सैदपुर परिसर में लोगों को शिविर की जानकारी देकर जागरूक किया।
अधिकार मित्र रणजीत कुशवाहा ने जनपदवासियों से अपील की कि वे एक नवंबर को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।
