अपराध
अवैध कच्ची शराब पर संयुक्त कार्रवाई, 70 लीटर बरामद, 13 भट्ठियाँ ध्वस्त
संतकबीरनगर। आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उप आबकारी आयुक्त, बस्ती प्रभार, बस्ती तथा जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में थाना धनघटा पुलिस, प्रवर्तन टीम बस्ती तथा आबकारी टीम संतकबीरनगर ने संयुक्त दबिश दी।
टीम ने बिड़हरघाट स्थित सरयू नदी के किनारे माझा क्षेत्र में छापेमारी कर 70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। वहीं मौके पर लगभग 1800 किलोग्राम महुआ लहन नष्ट करते हुए 13 भट्ठियाँ तोड़ी गईं। इस कार्रवाई के संबंध में आबकारी अधिनियम की धाराओं में 03 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
दबिश के दौरान टीम में एस.पी. पाण्डेय, उप आबकारी आयुक्त बस्ती प्रभार, संजय कुमार जिला आबकारी अधिकारी संतकबीरनगर, के.पी. चौधरी सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-2, विजय आनन्द आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 खलीलाबाद, बसंत प्रसाद आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मेंहदावल, राज किशोर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 धनघटा, गफ्फार खान आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-1 बस्ती प्रभार शामिल रहे।
थाना धनघटा की ओर से थानाध्यक्ष जय प्रकाश दूबे, उप निरीक्षक विनोद यादव, उप निरीक्षक लाल बिहारी निषाद सहित पुलिस स्टाफ एवं पूरी आबकारी टीम कार्रवाई में मौजूद रही।
